मकान कब्जे की साजिश में दिनदहाड़े पूर्व सभासद पर हमला, गला दबाकर हत्या की कोशिश, CCTV में कैद दबंगई

मकान कब्जे की साजिश में दिनदहाड़े हमला: युवक का गला दबाकर हत्या की कोशिश, CCTV में कैद दबंगई
पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली के चंद कदम पीछे स्थित मोहल्ला गणेशगंज में रविवार शाम दिनदहाड़े हुई दबंगई ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मकान कब्जाने की नीयत से पहुंचे 8-10 दबंगों ने पूर्व सभासद को घर से खींचकर सड़क पर घसीटा, बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जबकि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। मोहल्ला गणेशगंज निवासी पूर्व सभासद कुलबीर सिंह पुत्र अमरजीत सिंह के अनुसार, 19 अप्रैल को शाम करीब 6:15 बजे उनकी बहन मनमिंदर कौर बाजवा, जो वर्तमान में कनाडा में रह रही है, अपने सहयोगी जगजीवन सिंह बाजवा तथा 8-10 अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंची। आरोप है कि गेट खुलते ही पहले से तैयार खड़े लोगों ने कुलबीर को पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसकी गर्दन दबाकर जान लेने का प्रयास भी किया गया। पीड़ित के अनुसार, वह लगातार ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने मदद करने के बजाय मूकदर्शक बने रहना ही उचित समझा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित का कहना है कि उसकी करीब 8 एकड़ जमीन और मकान पर उसकी दत्तक बहनों की नजर है। यह विवाद पहले से न्यायालय में विचाराधीन है और उसी को लेकर यह हमला किया गया। पुलिस ने कुलबीर सिंह की तहरीर के आधार पर मनमिंदर कौर, जगजीवन सिंह बाजवा और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे में धारा 329(3), 333, 190, 191(2), 191(3), 115(2), 352 और 351(3) शामिल हैं। रिपोर्ट में उल्लेख है कि आरोपियों ने मकान पर कब्जा करने की नीयत से सामूहिक रूप से हमला किया, जिसमें पीड़ित को कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं और पैर का अंगूठा भी फट गया। पीड़ित का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो आरोपी उसकी हत्या कर मकान पर कब्जा कर लेते। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र में हाल के दिनों में दबंगई की घटनाएं बढ़ी हैं। दो दिन पूर्व भी जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई थी, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।




