बहन के साथ पहुंचे हमलावरों ने भाई को पीटा, सड़क पर घसीटा,सीसीटीवी में कैद हुई घटना
बहन के साथ पहुंचे हमलावरों ने भाई को पीटा, सड़क पर घसीटा,सीसीटीवी में कैद हुई घटना
बचाओ-बचाओ की गूंज बेअसर, तमाशबीन बनी रही भीड़
पूरनपुर/पीलीभीत।शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां कोतवाली से कुछ ही दूरी पर एक युवक पर दिनदहाड़े हमला कर दिया गया। हमलावरों की संख्या करीब 8 से 10 बताई जा रही है, जिन्होंने युवक को घर से बाहर खींचकर सड़क पर बेरहमी से पीटा और गला दबाने की कोशिश भी की।घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गनेशगंज निवासी कुलवीर सिंह के घर उनकी बहन अपने साथियों के साथ पहुंची थी। जैसे ही घर का दरवाजा खुला, पहले से घात लगाए खड़े लोगों ने कुलवीर को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सड़क तक घसीटते हुए ले जाया गया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई।आरोप है कि हमलावरों ने उसकी गर्दन दबाकर जान लेने की भी कोशिश की।इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।पीड़ित के अनुसार, यह विवाद जमीन और मकान को लेकर चल रहा है, जिस पर पहले से ही मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसने आरोप लगाया कि हमलावर उसी विवाद के चलते दबाव बनाने के लिए हमला करने आए थे।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच भी जारी है। हालांकि, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।यह घटना न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती उदासीनता को भी उजागर करती है, जहां मदद के बजाय लोग सिर्फ तमाशा देखते रह जाते हैं।





