Uncategorized

कैश डील में कांड: कार में पीटकर युवकों को उठाने की कोशिश, कूदकर बची जान, मुकदमा दर्ज 

कैश डील में कांड: कार में पीटकर युवकों को उठाने की कोशिश, कूदकर बची जान, मुकदमा दर्ज

पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री के बाद बकाया रकम को लेकर हुआ विवाद शनिवार को सनसनीखेज घटनाक्रम में बदल गया। कोतवाली रोड पर कार के अंदर मारपीट और धमकी का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और तूल पकड़ गया है।
चितरपुर निवासी किसान बाबूराम ने हरियाणा के रोहतक (गढ़ी खेड़ी, बहू जमालपुर) निवासी दीपक पुत्र रामजी और उसके साथियों पर मारपीट, धमकी देने और रकम हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक 17 अप्रैल को 11 बीघा जमीन का सौदा 14.5 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से तय हुआ था। रजिस्ट्री के समय 80 लाख 19 हजार रुपये देकर तहसील पूरनपुर में बैनामा कराया गया, जबकि शेष 79 लाख रुपये अगले दिन देने की बात हुई थी।
आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी ने बाकी रकम देने के बहाने रामौतार के भाई धर्मेंद्र और साले पप्पू को कोतवाली रोड स्थित सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के पास बुलाया। यहां कार में पैसे गिनने के बहाने दोनों को बैठाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
धर्मेंद्र ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने कार को घेर लिया। मौका पाकर वह कार से कूदकर भाग निकला, जबकि पप्पू भी किसी तरह बाहर निकल आया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने कार को रोक लिया। वायरल वीडियो में युवक के कार से कूदकर भागने और भीड़ के जमा होने के दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। रामौतार पुत्र बाबूराम की तहरीर पर आरोपी दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3), 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। क्राइम इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने इसे लेनदेन का विवाद बताया, जबकि कोतवाल पवन पांडेय ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इन दीनों हरियाणा,  पंजाब, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के लोग एजेंटों के माध्यम से कलीनगर और पूरनपुर तहसील क्षेत्र में जमीन की सौदेबाजी कर रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच की जाए तो पूरी पोल खुल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!