केडी इंटरनेशनल स्कूल का हाईस्कूल में शत प्रतिशत रिजल्ट, छात्रों ने बढ़ाया तहसील का मान

केडी इंटरनेशनल स्कूल का हाईस्कूल में शत प्रतिशत रिजल्ट, छात्रों ने बढ़ाया कलीनगर का मान
प्रबंधक पवन साहनी ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की
पूरनपुर,पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र में इस वर्ष घोषित हुए सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा परिणाम ने शिक्षा जगत में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। नगर व आसपास के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रिजल्ट जारी होते ही छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। विद्यालयों में जश्न का माहौल रहा, जहां छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता साझा की। इसी क्रम में माधोटांडा पीलीभीत रोड स्थित कलीनगर तहसील के नवदिया सुखदासपुर स्थित केडी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट शैक्षिक स्तर को साबित करते हुए हाईस्कूल परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया। विद्यालय में पंजीकृत कुल 49 छात्रों में से सभी छात्र-छात्राओं ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की, जिससे विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के मेधावी छात्रों में अटल मिश्रा ने 85.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा प्रांजल यादव ने 85 प्रतिशत, रमनदीप कौर ने 84.6 प्रतिशत, शुभंकर दास ने 84 प्रतिशत तथा एक अन्य छात्रा रमनदीप कौर ने 82.61 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अन्य छात्रों ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर सफलता की नई मिसाल पेश की। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे और विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत को दिया। छात्रों ने अपने भविष्य को लेकर भी बड़े लक्ष्य तय किए हैं। उन्होंने कहा कि वे आगे चलकर आईएएस, इंजीनियर, डॉक्टर, नर्स सहित विभिन्न उच्च पदों पर पहुंचकर देश की सेवा करना चाहते हैं। उनका कहना है कि यह सफलता उनके जीवन का पहला कदम है और वे आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखेंगे। विद्यालय के प्रबंधक पवन साहनी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण, अनुशासित माहौल और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों को शिक्षा प्रदान की जाती है, जिसका परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट रिजल्ट के रूप में सामने आता है। प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण ने भी छात्रों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने का संदेश दिया। इस शानदार परिणाम ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कलीनगर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी छात्रों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की है।




