चुर्रासकतपुर में बंदरों का आतंक: घरों में घुसकर कर रहे हमला, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा

चुर्रासकतपुर में बंदरों का आतंक: घरों में घुसकर कर रहे हमला, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा
बीसलपुर क्षेत्र के गांव चुर्रासकतपुर। कस्बे में इन दिनों बंदरों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। अचानक बड़ी संख्या में बंदरों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात यह हैं कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक में डर महसूस कर रहे हैं।बंदर आए दिन घरों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं और राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। कई जगहों पर बंदरों द्वारा बच्चों को दौड़ाने और काटने की कोशिश करने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे अभिभावकों में खासा डर व्याप्त है।ग्रामीण रामबीर शर्मा ने बताया कि गांव में अचानक इतनी बड़ी संख्या में बंदरों के आ जाने से हालात बेकाबू हो गए हैं। सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों को है, जिन्हें बंदर निशाना बना रहे हैं। इस डर के कारण अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के खौफ से खेतों में काम करना और रोजमर्रा के कार्य करना भी मुश्किल हो गया है। पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस समस्या से अनजान बना हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों को पकड़वाने और गांव से हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले ही लोगों को राहत मिल सके।




