तीन दिनों से अंधेरे में डूबा गांव, बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा ग्रामीणों का प्रदर्शन
तीन दिनों से अंधेरे में डूबा गांव, बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा ग्रामीणों का प्रदर्शन
गोरा/पीलीभीत।सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गोरा गांव के एक मोहल्ले में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से हालात गंभीर हो गए हैं। लगातार बिजली गुल रहने के कारण आधा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अचानक हुई इस बिजली कटौती ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। जब भी अधिकारी या कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की जाती है, तो उन्हें टालमटोल जवाब देकर संतुष्ट करने का प्रयास किया जाता है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है।बिजली न होने के कारण सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा है। परीक्षाओं का समय होने के बावजूद छात्र अंधेरे में पढ़ने को मजबूर हैं। वहीं घरेलू कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पानी की मोटरें बंद हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है। रात के समय अंधेरा होने से सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।स्थिति से परेशान होकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर समाधान करता है या फिर ग्रामीणों का गुस्सा और भड़कता है।





