Uncategorized

टोल प्लाजा पर किसानों का शोषण: अवैध वसूली के खिलाफ 27 अप्रैल को होगा बड़ा धरना

टोल प्लाजा पर किसानों का शोषण: अवैध वसूली के खिलाफ 27 अप्रैल को होगा बड़ा धरना

शाहजहांपुर। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के पदाधिकारियों ने तहसील पुवायां में एसडीएम और सीओ को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर खुटार–पूरनपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर किसानों के साथ हो रहे कथित शोषण का मुद्दा उठाया है। संगठन ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा प्रबंधन किसानों से जबरन और अवैध रूप से टोल वसूली कर रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है।ज्ञापन में बताया गया कि पुवायां तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग पर बड़ी संख्या में किसान रोजाना अपने कृषि कार्यों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों से आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, टोल प्लाजा पर उनसे नियमों के विपरीत शुल्क वसूला जा रहा है। किसानों का कहना है कि कई बार पहचान बताने और स्थानीय होने के बावजूद उन्हें छूट नहीं दी जाती, बल्कि दबाव बनाकर भुगतान कराया जाता है।भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो संगठन 27 अप्रैल 2026 को संबंधित टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने साफ किया कि यदि प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर शाहजहांपुर जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव, पुवायां तहसील अध्यक्ष रघुवीर सिंह कमल, संतोष कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की है कि टोल प्लाजा पर किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय को तत्काल रोका जाए और दोषी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए।प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!