सड़क हादसे में जिंदगी की जंग हारा युवक: मौत से गूंजा गांव, आरोपी चालक पर कार्रवाई तेज
पूरनपुर, पीलीभीत। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था, अब मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। राममूर्ति अस्पताल भोजीपुरा में शुक्रवार को युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार गांव गोरा निवासी रिजवान खां के पुत्र शहबाज और उनके भतीजे कामिल 13 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे किसी आवश्यक कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रास्ते में कामिल किसी काम से नीचे उतरा हुआ था, जबकि शहबाज मोटरसाइकिल के पास खड़ा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर ने शहबाज को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शहबाज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।हादसे के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल शहबाज को राममूर्ति अस्पताल भोजीपुरा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में रखकर गंभीर हालत में इलाज शुरू किया। परिजनों के अनुसार युवक की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और वह जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा था।घटना के बाद परिजन इलाज में व्यस्त होने के कारण तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। बाद में 16 अप्रैल को रिजवान खां ने थाने पहुंचकर आरोपी ट्रैक्टर चालक इलियास पुत्र अच्छन निवासी रापुर बिचपुरी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।इसी बीच शुक्रवार को देर शाम इलाज के दौरान शहबाज ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक के घायल होने के बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वर्तमान में युवक की मृत्यु के उपरांत मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण की जांच जारी है।
Back to top button
error: Content is protected !!