खुशियों से लौटते समय छिन गई जिंदगी, शिक्षक की मौत से मातम, एक पल में उजड़ गया परिवार

खुशियों से लौटते समय छिन गई जिंदगी, शिक्षक की मौत से मातम, एक पल में उजड़ गया परिवार
पूरनपुर,पीलीभीत। बारात से घर वापस लौटते समय एक शिक्षक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार को जैसे ही उनका शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र व शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।ब्लॉक पूरनपुर के गांव मकरंदपुर निवासी तथा वर्तमान में सिरसा चौराहा स्थित गांव नरायनपुर में रह रहे कम्पोजिट विद्यालय खिरकिया बरगदिया के इंचार्ज शिक्षक वीरसिंह कुशवाहा (38) मंगलवार को अपने मित्र के यहां बरखेड़ा में आयोजित शादी समारोह में गए थे।

देर रात बाइक से घर लौटते समय जरा कोठी के पास पेट्रोल पम्प के निकट करीब 9 बजे एक ट्रक से उनका एक्सीडेंट हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी कृष्णा कुशवाहा बेसुध हो गईं, वहीं उनकी दो मासूम बेटियां वैष्णवी (7) और भूमि (5) अपने पिता को पुकारते हुए बिलखती रहीं, जिससे माहौल गमगीन हो गया।शिक्षक की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र और शिक्षा जगत में शोक छा गया है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव मकरंदपुर में किया गया, जहां आसपास के गांवों के लोग, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में शिक्षक उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।अंतिम संस्कार में विधायक पुत्र रितुराज पासवान सहित कई शिक्षकों और क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।




