Uncategorized

बदलते राजनीतिक समीकरण: हेमराज वर्मा की सपा मुखिया अखिलेश से भेंट ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

बदलते राजनीतिक समीकरण: हेमराज वर्मा की सपा मुखिया अखिलेश से भेंट ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

पीलीभीत। जिले की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सियासी अटकलों को हवा दे दी है। मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वर्मा जल्द ही औपचारिक रूप से समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हेमराज वर्मा को खाद्य एवं रसद विभाग का मंत्री बनाया गया था। लंबे समय तक सपा की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। हालांकि, पार्टी में लगातार अनदेखी और अपेक्षित जिम्मेदारी न मिलने से उनके समर्थकों में निराशा बताई जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में उनके समर्थक लगातार सपा में वापसी का दबाव बना रहे थे। अब अखिलेश यादव से हुई मुलाकात को इसी कड़ी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि आधिकारिक घोषणा होती है तो यह पीलीभीत की सियासत में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। इधर, कुछ दिन पहले ही पूर्व मंत्री फूलबाबू भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। लगातार हो रहे इन राजनीतिक फेरबदल से जिले में सियासी पारा चढ़ गया है। चर्चा यह भी है कि पार्टी में औपचारिक वापसी के बाद हेमराज वर्मा शहर विधानसभा सीट से दावेदारी पेश कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि हेमराज वर्मा सपा में वापसी करते हैं तो इसका सीधा असर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर पड़ेगा। फिलहाल सभी की निगाहें पार्टी की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने बताया गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!