सपा सरकार में बिचौलियों के माध्यम से होती थी खरीद, अब किसानों को समर्थन मूल्य का सीधा मिल रहा है लाभ: अतिन्दर पाल सिंह जिला उपाध्यक्ष

सपा सरकार में बिचौलियों के माध्यम से होती थी खरीद, अब किसानों को समर्थन मूल्य का सीधा मिल रहा है लाभ अतिन्दर पाल सिंह
मंडी में सख्त दिखे भाजपा नेता अतिन्दर पाल सिंह, प्रभारियों व सचिव को दिए कड़े निर्देश, बोले—गेहूं खरीद में लापरवाही पर जाएगी रिपोर्ट, सपा पर भी साधा निशाना
पीलीभीत। गुरुवार को पूरनपुर मंडी में व्यवस्थाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई जब सिख नेता व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अतिन्दर पाल सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरएफसी केंद्र पर गेहूं तौल प्रक्रिया का जायजा लिया और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।दो दिन पूर्व हुई बारिश का असर मंडी परिसर में साफ दिखाई दिया। कई किसानों का गेहूं भीग गया था, जिसे वे खुले में सुखाते नजर आए। इस स्थिति पर अतिन्दर पाल सिंह ने गहरी नाराजगी जताते हुए मंडी की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मंडी सचिव सर्वेश कुमार शुक्ला को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और समुचित व्यवस्था कराई जाती, तो किसानों को नुकसान नहीं उठाना पड़ता।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या खत्म करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि गेहूं खरीद या व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो इसकी रिपोर्ट सीधे शासन को भेजी जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार से अब तक हुई गेहूं खरीद और तौल की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि हर किसान की उपज का सही मूल्य मिले।इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में बिचौलियों का बोलबाला था, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में पारदर्शिता के साथ खरीद हो रही है और किसानों के हित सर्वोपरि हैं।मंडी में मौजूद किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए फार्मर रजिस्ट्री और बारदाना की कमी का मुद्दा उठाया। अन्नदाता किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने कहा कि बारदाना की कमी के कारण तौल प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, हालांकि उन्होंने अपने गेहूं की तौल होने पर संतोष भी जताया। वहीं प्रदेश महासचिव बलजिंदर सिंह ने खरीद व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए मंडी परिसर की नियमित साफ-सफाई की मांग की।अतिन्दर पाल सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खराब फसल का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान आरएफसी केंद्र प्रभारी शुभम तिवारी, विनोद कुमार, शाइस्ता खानम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सिख संगत ने भाजपा नेता को पटका पहनाकर सम्मानित भी किया।




