प्रधान इकबाल पाले का प्रयास रंग लाया डीएम ने दिया क्रय केंद्र खोलने का भरोसा

प्रधान इकबाल पाले का प्रयास रंग लाया डीएम ने दिया क्रय केंद्र खोलने का भरोसा
पूरनपुर,पीलीभीत।ट्रांस शारदा एवं नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्र खोलने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का उचित सरकारी मूल्य नहीं मिल पाने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस समस्या को लेकर कबीरगंज ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी इकबाल सिंह पाले ने गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह से मुलाकात कर क्रय केंद्र खोले जाने की मांग उठाई।प्रधान इकबाल सिंह पाले ने बताया कि हजारा एवं आसपास के सीमावर्ती गांवों के किसानों को गेहूं बेचने के लिए दूर-दराज के क्रय केंद्रों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता है। कई बार दूरी और साधनों के अभाव में किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में ही सरकारी गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किया जाए तो किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य प्राप्त हो सकेगा।उन्होंने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि ट्रांस शारदा क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान गेहूं की खेती करते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें उचित लाभ नहीं मिल पाता। इस संबंध में उन्होंने जल्द से जल्द हजारा क्षेत्र में क्रय केंद्र खोलने की मांग की।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि हर किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिले और इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें स्थानीय स्तर पर गेहूं बेचने की सुविधा मिल सकेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और खेती के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत होगा।




