रंग लाई सिख नेता अतिन्दर पाल की पैरवी, जेल गए किसान नेता को मिली जमानत

रंग लाई सिख नेता अतिन्दर पाल की पैरवी, जेल गए किसान नेता को मिली जमानत
दूरभाष पर वार्ता के बाद डीएम ने दिखाई दरिया दिली
पूरनपुर/पीलीभीत।डीएम के लिए फोन पर अभद्र भाषा में जेल भेजे गए किसान नेता बलजिंदर सिंह के मामले में अब भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं सिख नेता अतिन्दर पाल सिंह की सक्रियता सबसे बड़ा मोड़ बनकर उभरी है। उनकी पहल के बाद पूरे घटनाक्रम ने नया रुख ले लिया है और किसान नेता को राहत मिलने की उम्मीद तेज हो गई है।जानकारी के अनुसार, अतिन्दर पाल सिंह ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह से फोन पर बातचीत कर मामले में नरमी बरतने की अपील की। सूत्र बताते हैं कि उनकी पैरवी के बाद जिलाधिकारी ने भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए जमानत प्रक्रिया में सहयोग का भरोसा दिया है।अन्नदाता किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने भी साफ कहा कि जिला उपाध्यक्ष अतिन्दर पाल सिंह के लगातार प्रयासों से ही अब किसान नेता की जमानत की राह आसान होती दिख रही है। इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अतिन्दर पाल सिंह की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है।सिख नेता जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख पति अतिन्दर पाल सिंह लगातार जरूरतमंदों की सहायता में आगे रहते हैं। वह क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों के सुख-दुख में भागीदारी निभाते हैं और जनसमस्याओं को उठाने में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। इस बीच किसान नेता बलजिंदर सिंह द्वारा अपने बयान पर माफी मांगने के बाद मामला और नरम पड़ता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में उन्होंने डीएम को सज्जन व्यक्ति बताते हुए अपने शब्दों पर खेद जताया था, जिसके बाद प्रशासनिक रुख में भी बदलाव के संकेत मिले हैं।गौरतलब है कि गेहूं खरीद को लेकर शुरू हुआ विवाद डीएम को कथित धमकी देने के बाद तूल पकड़ गया था, जिसके चलते पुलिस ने किसान नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले में राजनीतिक दखल के बाद हालात तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।
——–
भाजपा सरकार में किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जेल गए किसान नेता के बारे में डीएम से वार्ता हुई है। उन्होंने दरिया दिली दिखाते हुए इन्हें राहत देने का आश्वासन दिया है। उनको जमानत मिल गई है। गुरुवार को रिहाई हो जाएगी।
अतिन्दर पाल सिंह
जिला उपाध्यक्ष भाजपा
———-
अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव बलजिंदर सिंह की पैरवी के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिख नेता अतिन्दर पाल सिंह ने डीएम से वार्ता की है। उनके प्रयास से अब शीघ्र किसान नेता को राहत मिलने की उम्मीद जागी है।
गुरविंदर सिंह
जिलाध्यक्ष, अन्नदाता किसान यूनियन




