पीलीभीत के विकास की पिच पर बड़ी बल्लेबाजी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने की सीएम से मुलाकात, क्रिकेट मैच- स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों की रखी जोरदार मांग

पीलीभीत के विकास की पिच पर बड़ी बल्लेबाजी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने की सीएम से मुलाकात, क्रिकेट मैच- स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों की रखी जोरदार मांग
जिला पंचायत अध्यक्ष ने पति और शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात
पीलीभीत। शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने अपने पति एवं भाजपा नेता गुरभाग सिंह और आदर्श सामाजिक शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ कुशवाहा के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जनपद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस मुलाकात को सियासी और विकासात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी चार-चार टीमों का चयन कर प्रतिस्पर्धात्मक लीग मैचों के आयोजन का प्रस्ताव रखा गया। इस पहल से प्रदेश में क्रिकेट समेत अन्य खेलों के स्तर को ऊंचा उठाने और नई प्रतिभाओं को मंच देने की उम्मीद जताई गई।इसी क्रम में भाजपा नेता गुरभाग सिंह ने पीलीभीत जनपद में एक आधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर स्टेडियम बनाया जा सकता है। स्टेडियम बनने से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जिले की खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ कुशवाहा ने हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला लंबे समय से संघर्ष कर रहे शिक्षामित्रों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है और इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। साथ ही उन्होंने शिक्षामित्रों से जुड़ी अन्य मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने सड़क, स्वच्छता, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी योजनाओं के लिए भी सहयोग की अपेक्षा जताई। इसके अलावा जनपद में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, नई योजनाओं को लागू करने और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की ओर से इन मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाए जाने की बात सामने आई है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह मुलाकात काफी मायने रखती है। जानकारों का मानना है कि इस तरह की सक्रिय पहल से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिल सकती है। इससे पहले भी डॉ. दलजीत कौर और उनके पति कई बार मुख्यमंत्री से मिलकर जनपद के हित में मांगें रख चुके हैं, जिनमें से कई पर सरकार ने अमल भी किया है।कुल मिलाकर, इस मुलाकात ने पीलीभीत के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार और शिक्षामित्रों के हितों को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं।




