Uncategorized

पीडब्ल्यूडी में भ्रष्टाचार की परत – हाथों से उखाड़ दी सड़क, ग्रामीणों ने हंगामा काटकर खोली निर्माण में धांधली की पोल

भ्रष्टाचार की परत – हाथों से उखाड़ दी सड़क, ग्रामीणों ने खोली निर्माण में धांधली की पोल

पीलीभीत। सड़क के निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा था। नाराज ग्रामीणों ने सड़क की परत हाथों से उखाड़कर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव शेरपुर मकरंदपुर से होकर चंदुइया कॉलोनी को जाने वाली सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में बेहद घटिया और हल्की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।बताया जा रहा है कि जब गांव के लोगों ने सड़क की परत को हाथों से ही उखाड़कर देखा तो वह आसानी से निकल गई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सड़क बनाई गई तो वह कुछ ही दिनों में टूट जाएगी और सरकारी धन का दुरुपयोग होगा। ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और कर्मचारियों से निर्माण कार्य को सही तरीके से कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि किसी ने भी उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया।इस मामले को लेकर गांव में ग्रामीणों की एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सड़क निर्माण में कथित धांधली की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन करने के लिए भी मजबूर होंगे।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पीलीभीत जनपद में सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया कार्य के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। हाल ही में जिले के एक अन्य क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा हाथ से सड़क उखाड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण ही इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना है कि विभाग के एक्सईएन और जेई की लापरवाही के चलते सड़क निर्माण कार्यों में लगातार धांधली बरती जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके और जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!