टाइगर रिजर्व के रास्तों पर फिलहाल राहत, 30 किमी स्पीड से 12 मार्च तक जारी रहेगा आवागमन, विभिन्न संगठनों ने दमदारी से रखी बात

टाइगर रिजर्व के रास्तों पर फिलहाल राहत, 30 किमी स्पीड से 12 मार्च तक जारी रहेगा आवागमन, विभिन्न संगठनों दमदारी से रखी बात
पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व से गुजरने वाले मार्गों पर रात्रि में वाहनों के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर उठे विरोध के बाद प्रशासन ने फिलहाल राहत दी है। आगामी 12 मार्च तक 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के साथ मार्गों पर आवागमन जारी रहेगा। इसके बाद उच्च न्यायालय की टीम के निरीक्षण के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।सुप्रीम कोर्ट एवं राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण के आदेशों का हवाला देते हुए वन विभाग ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले सभी मार्गों पर रात्रि में आपातकालीन सेवा वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था। इस निर्णय के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने इसका पुरजोर विरोध शुरू कर दिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सोमवार को पीलीभीत के जिला सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में वन विभाग के अधिकारी, पुलिस अधीक्षक के साथ विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलों व भाकियू टिकैत गुट के गुरप्रीत सिंह गोगी ने बताया कि बैठक में फिलहाल जंगल से गुजरने वाले मार्गों को बंद न करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों पर वाहनों की गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च को उच्च न्यायालय की एक टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद ही आगे का अंतिम निर्णय लिया जाएगा। रंजीत सिंह कहलों ने कहा कि यदि वन विभाग इन मार्गों को बंद करता है तो किसानों के खेतों से होकर बने चक मार्गों से वन विभाग की पेट्रोलिंग भी बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चकबंदी के दौरान किसानों की जमीन काटकर बनाए गए इन रास्तों से वन विभाग के कर्मचारियों का आवागमन नहीं होने दिया जाएगा और उन्हें पेट्रोलिंग के लिए जंगल के रास्तों का ही उपयोग करना होगा।बैठक के दौरान स्थानीय प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी पक्षों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में संतुलित और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।




