सरकार बनी सहारा: एक साथ गूंजी शहनाई- 400 जोड़ों ने थामा जीवनसाथी का हाथ, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने दिया आशीर्वाद

सरकार बनी सहारा: एक साथ गूंजी शहनाई- 400 जोड़ों ने थामा जीवनसाथी का हाथ, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने दिया आशीर्वाद
पीलीभीत। नवीन मंडी समिति परिसर में उस समय भावुक और खुशनुमा माहौल बन गया जब एक ही मंडप के नीचे 400 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नवीन मंडी समिति परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। विधानसभा पूरनपुर क्षेत्र के कुल 425 पंजीकृत जोड़ों में से 400 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 8 अल्पसंख्यक समुदाय के जोड़े भी शामिल रहे।एक ही स्थान पर सजे मंडप, गूंजती शहनाइयों की धुन और वर-वधू के परिजनों की खुशियों से पूरा परिसर उत्सव में बदल गया। कई परिवारों की आंखें उस समय नम हो गईं जब उनकी बेटियों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा और जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें उपहार सामग्री भी वितरित की। इस अवसर पर विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी सहारे से कम नहीं है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बेटी विवाह से वंचित न रह जाए।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने नवदंपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यदि नवविवाहित युवा अपना रोजगार शुरू करना चाहते हैं तो मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के माध्यम से युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण प्रदान किया जाता है, जिससे वे अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकें।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। एक साथ सजी 400 शादियों ने पूरे समारोह को यादगार और भावनात्मक बना दिया।
425 में से 400 जोड़ों का हुआ विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कुल 425 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 400 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में 8 अल्पसंख्यक समुदाय के जोड़े भी शामिल रहे और सभी को उपहार सामग्री देकर विदाई दी गई।




