Uncategorized

चेयरमैन-प्रधान विवाद में नया मोड़, सफाई कर्मचारियों का थाने गेट पर प्रदर्शन, पूर्व चेयरमैन ने उठाए सवाल 

चेयरमैन-प्रधान विवाद में नया मोड़, सफाई कर्मचारियों का थाने गेट पर प्रदर्शन, पूर्व चेयरमैन ने उठाए सवाल

पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र के रुरिया-घुरिया गांव में चेयरमैन और ग्राम प्रधान के बीच हुए विवाद के बाद मामला और गरमा गया है। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने थाने गेट पर पहुंचकर चेयरमैन के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में उतर आए। बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रुरिया-घुरिया में बाइक मरम्मत को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। चेयरमैन और ग्राम प्रधान पक्ष के बीच हुई मारपीट के बाद शनिवार को मामले में नया मोड़ आ गया। सुबह भारी संख्या में सफाई कर्मचारी नगर पंचायत कार्यालय के गेट पर पहुंच गए और अध्यक्ष के साथ हुई मारपीट की घटना का विरोध जताया। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गांव स्थित गायत्री ऑटो मोबाइल एजेंसी पर बाइक मरम्मत को लेकर विवाद शुरू हुआ था। यह एजेंसी नगर पंचायत चेयरमैन डीके गुप्ता के ममेरे भाई और फाइनेंस मैनेजर श्यामू गुप्ता चलाते हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान कालीचरन एक्सीडेंटल बाइक की मरम्मत कराने पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और मामला बढ़ गया। श्यामू गुप्ता का आरोप है कि बाद में समझौते के बहाने उन्हें गांव बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद ग्राम प्रधान कालीचरन, उनके भतीजे विपिन, धर्मेंद्र और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में श्यामू गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि रंजीत कश्यप, मोहम्मद अबरार और मोहम्मद रिजवान भी घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने चेयरमैन की कार में भी तोड़फोड़ की।श्यामू गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान कालीचरन समेत तीन नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट और बलवा जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।वहीं दूसरे पक्ष से ग्राम प्रधान कालीचरन ने भी चेयरमैन पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाद के बाद चेयरमैन डीके गुप्ता अपने साथियों के साथ गांव पहुंचे और उनके, उनके भतीजे संजीव तथा बेटी के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि लोहे के डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन सहित दो नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-‐———-

 

पूर्व चेयरमैन ने फेसबुक पर डीके गुप्ता को घेरा

बिलसंडा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अटल सिंह जायसवाल ने पूरे मामले पर सोशल मीडिया के जरिए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि “अहंकार का परिणाम बिलसंडा की जनता भुगत रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष डी.के. गुप्ता पद के दुरुपयोग में मदहोश हैं। जब कुर्सी का अहंकार सिर चढ़कर बोलने लगता है तो सबसे पहले नुकसान जनता का होता है।”उन्होंने कहा कि हाल ही में चेयरमैन और ग्राम प्रधान रुरिया के बीच हुए विवाद के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों को हड़ताल पर बैठा दिया गया है। उनके अनुसार अधिशाषी अधिकारी से हुई बातचीत से भी यह प्रतीत हुआ कि वे भी इस स्थिति में सहयोग कर रहे हैं। पूर्व चेयरमैन अटल सिंह जायसवाल ने सवाल उठाया कि सफाई और जरूरी काम ठप पड़े हैं, जिसकी कीमत बिलसंडा की आम जनता चुका रही है। उन्होंने लिखा कि “नगर पंचायत जनता की सेवा के लिए है या किसी के अहंकार की लड़ाई लड़ने के लिए? कुर्सी सेवा के लिए होती है, अगर वह अहंकार का हथियार बन जाए तो नुकसान जनता को ही उठाना पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!