Uncategorized

नाराजगी के बाद कॉलोनीनाइजर सहित चार पर हत्या का मुकदमा, राज्यमंत्री बोले- कोतवाल को सस्पेंड करो तत्काल…

नाराजगी के बाद कॉलोनीनाइजर सहित चार पर हत्या का मुकदमा, राज्यमंत्री बोले- कोतवाल को सस्पेंड करो तत्काल…

पीलीभीत। आईटीआई कॉलेज के पास कॉलोनीनाइजर की छत पर युवक का शव लटका मिलने के मामले में दो दिन बाद बड़ा मोड़ आ गया है। परिजनों द्वारा कोतवाली पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाने और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार की नाराजगी सामने आने के बाद पुलिस ने कॉलोनीनाइजर वेद प्रकाश सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक के भाई रामौतार की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंत्री की नाराजगी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कोतवाल पर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से उनको निलंबित करने की बात कह रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि आईटीआई कॉलेज के पास स्थित प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय के बाहर शुक्रवार सुबह कर्मचारी अनिल (24) वर्ष का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला था। मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी अनिल वर्ष 2018 से वेद प्रकाश के यहां कार्यरत था। चार दिन पहले उसे नौकरी से हटाए जाने की बात सामने आई थी। परिजनों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उसे मोबाइल पर कॉल आई, जिसके बाद वह घर से निकला और कुछ ही देर बाद उसके शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने आरोप लगाया था कि जहां शव मिला वहां बाहर से ताला बंद था, जिससे हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई गई। उन्होंने कार्यालय में कार्यरत एक युवती से अनिल की नजदीकियों को लेकर विवाद की बात भी कही थी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। अब हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वहीं, मंत्री की नाराजगी के बाद इस प्रकरण ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। मामले में कॉलोनीनाइजर सहित दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!