Uncategorized

मतदाता सूची से छेड़छाड़ की साज़िश का आरोप, पूरनपुर में फ़ॉर्म-7 पर बड़ा खुलासा

मतदाता सूची से छेड़छाड़ की साज़िश का आरोप, पूरनपुर में फ़ॉर्म-7 पर बड़ा खुलासा

पीलीभीत। समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजकुमार राजू ने 129 विधानसभा क्षेत्र पूरनपुर में मतदाता सूची से नाम कटवाने से जुड़े फ़ॉर्म-7 को लेकर बड़े पैमाने पर साज़िश का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा बताया।इसी क्रम में राजकुमार राजू ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान बूथों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के समक्ष कई चौंकाने वाले तथ्य रखे। उन्होंने बताया कि लगभग हर बूथ पर संबंधित बीएलओ के पास 250 से 450 तक भरे हुए फ़ॉर्म-7 पाए गए। प्रारंभिक जांच में इन फ़ॉर्मों में दर्ज अधिकांश आपत्तियाँ संदिग्ध और फर्जी प्रतीत होती हैं, जिससे मतदाता सूची में सुनियोजित छेड़छाड़ की आशंका और गहरा गई है। राजकुमार राजू ने कहा कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक ही व्यक्ति के नाम से बड़ी संख्या में आपत्तियाँ दर्ज कराई गई हैं। जब उस व्यक्ति से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उसने किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह पूरा मामला मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।उन्होंने कहा कि एक फ़ॉर्म-7 को विधिवत भरने में निर्धारित प्रक्रिया और पर्याप्त समय लगता है, इसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में प्रिंटेड फ़ॉर्मों का एक साथ मिलना सामान्य नहीं हो सकता। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष चुनाव और मतदाता अधिकारों के विरुद्ध गंभीर साज़िश की ओर इशारा करती है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी की ओर से प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें सभी संदिग्ध और सामूहिक रूप से भरे गए फ़ॉर्म-7 को तत्काल निरस्त करना, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराना, दोषियों व जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता को और मजबूत करना शामिल है।राजकुमार राजू ने स्पष्ट कहा कि मतदाता अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान कई पीड़ितों को भी पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अरशद खान, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव, सछास के पूर्व प्रदेश सचिव नोमान अली वारसी, वरिष्ठ सपा नेता ओम शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!