दीवार में मिट्टी लगाने के विवाद में महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

दीवार में मिट्टी लगाने के विवाद में महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव टंडोला में बुधवार दोपहर एक मामूली विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। दीवार की सुरक्षा के लिए मिट्टी लगाने को लेकर दो पक्षों की महिलाओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी हनीफ ने अपनी दीवार की सुरक्षा के उद्देश्य से दीवार से सटाकर मिट्टी चढ़ा दी थी। इस पर पड़ोसी महिलाओं ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले तीखी बहस हुई और फिर महिलाओं के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों की महिलाओं ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए और जमकर मारपीट की।मारपीट की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में महिलाओं के बीच हो रही मारपीट साफ दिखाई दे रही है।घटना के बाद दोनों पक्षों की महिलाएं पूरनपुर कोतवाली पहुंचीं और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस मारपीट को लेकर दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त होने की बात कह रही है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दिनभर इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।




