सरकारी जमीन पर कब्जे, फसल और निर्माण पर चुप्पी—भाकियू 13 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सरकारी जमीन पर कब्जे, फसल और निर्माण पर चुप्पी—भाकियू 13 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जनपद पीलीभीत इकाई ने किसानों व ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी कलीनगर को 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे, चकरोड पर निर्माण, फसलों के नुकसान और जंगली जानवरों से हो रही जनहानि जैसे गंभीर मामलों की शिकायत की गई।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मैनिया गुलरिया गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर कुछ लोगों द्वारा गेहूं की फसल बो दी गई है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी तरह सिमरा ताल्लुके महाराजपुर में सरकारी चकरोड पर कब्जा कर मकान बना लिया गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है।किसान यूनियन ने बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आवारा पशु खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर रहे हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए पशुओं को पकड़वाकर गौशालाओं में भेजा जाना आवश्यक है। इसके साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही से ग्रामीणों की जान को खतरा बना हुआ है, जिस पर नियंत्रण के लिए फेंसिंग कराए जाने की मांग की गई।ज्ञापन में नहरों व नालों की सफाई न होने से जलभराव, अवैध कटान, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में अनियमितता, खेतों के रास्तों पर कब्जा और प्रशासनिक उदासीनता जैसे अन्य बिंदुओं को भी शामिल किया गया।भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि 13 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन लेकर जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो, जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, तहसील अध्यक्ष नसीमुद्दीन गाजी, परमजीत सिंह, रजनीश कुमार, राजेश कुमार, घासीराम, रामप्रवेश, विकास यादव रामवीर, गोलू सहित कई लोग मौजूद रहे।




