दहेज की भूख ने ली गर्भवती की जान, पांच पर केस

दहेज की भूख ने ली गर्भवती की जान, पांच पर केस
पीलीभीत। थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव सुन्दरपुर फुलहर निवासी राकेश कुमार ने पुवायां पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री सपना देवी की दहेज हत्या का आरोप लगाया है। राकेश कुमार के अनुसार, उन्होंने सपना देवी की शादी 15 फरवरी 2020 को पुवायां थाना क्षेत्र के गांव टकेली निवासी सुमित कुमार पुत्र हुलासीराम के साथ की थी। विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।तहरीर में आरोप है कि पति सुमित कुमार और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सपना देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मृतका की दो वर्ष की एक पुत्री है और वह लगभग चार माह की गर्भवती भी थी। बताया गया कि पूर्व में न्यायालय के माध्यम से उसकी विदाई कराई गई थी। आरोप है कि 21 जनवरी 2026 को सुमित कुमार ने फोन कर धमकी भरे लहजे में मायके पक्ष को बुलाया। इसके बाद जब राकेश कुमार सुबह करीब 5:15 बजे बेटी की ससुराल पहुंचे, तो सपना देवी मृत अवस्था में पड़ी मिली। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सुमित कुमार ने अपने बहनोई मुनेश, मां चम्पा देवी, भांजा कुलदीप और बहन राखी के साथ मिलकर सपना देवी की हत्या की और घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार दोपहर तीन बजे प्रभारी निरीक्षक पुवायां ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति सुमित कुमार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




