Uncategorized

पूरनपुर-खुटार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार खाई में पलटी, दो युवकों की मौत

एक गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर, स्वजनों में मचा कोहराम

सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर में हुआ हादसा

पूरनपुर-खुटार हाईवे पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे तीन युवकों की कार कजरी निरंजनपुर के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गढ़वाखेड़ा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस नें सभी को अस्पताल भिजवाया। जहाँ डॉक्टरो नें दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव कजरी निरंजनपुर निवासी भाजपा नेता सरवन सिंह लाहौरिया के यहां शादी को लेकर कार्यक्रम आयोजित था। इसमें शामिल होने के लिए पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर मकरंदपुर निवासी जयदीप उर्फ दीपू, घुंघचाई थाना क्षेत्र के नवदिया बंकी स्थित बिजली फार्म निवासी हरमीत सिंह तथा माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव मैनाकोट निवासी लवजीत सिंह कार से पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों युवक रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान कजरी निरंजनपुर के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। कार में फंसे युवकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जयदीप उर्फ दीपू और हरमीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लवजीत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची थी। पुलिस नें हादसे की जानकारी परिजनों को दी।मृतकों के स्वजन अस्पताल पहुंचे तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!