बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
पीलीभीत। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित संगठित अत्याचारों, मंदिरों पर हमलों तथा महिलाओं और बच्चों के साथ की जा रही बर्बरता के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रांतीय आवाहन पर जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मत है कि भारत जैसे लोकतांत्रिक और नैतिक नेतृत्व वाले देश से यह अपेक्षा की जाती है कि वह पड़ोसी देश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर केवल मौन न रहे, बल्कि अपनी कूटनीतिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय शक्ति का उपयोग कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। पार्टी का आरोप है कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अत्याचारियों का मनोबल बढ़ रहा है।ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से संविधान के तहत अपने विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए केंद्र सरकार को तत्काल कठोर निर्णय लेने के निर्देश देने की मांग की गई। इसमें भारत–बांग्लादेश के बीच सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों को तब तक समाप्त करने की मांग की गई, जब तक बांग्लादेश सरकार हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की ठोस गारंटी नहीं देती। इसके साथ ही बांग्लादेश को भारत द्वारा दी जा रही बिजली आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाने तथा अडानी समूह द्वारा दी जा रही बिजली आपूर्ति पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में दिए जा रहे संरक्षण के कारण वहां भारतीयों और विशेषकर हिंदुओं के विरुद्ध नफरत और हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है। इस विषय में प्रधानमंत्री से कड़ा और स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की गई, ताकि यह संदेश जाए कि भारत किसी भी रूप में हिंदू विरोधी हिंसा का समर्थन नहीं करता। आम आदमी पार्टी ने चेताया कि यदि समय रहते निर्णायक कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति न केवल क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बनेगी, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय साख और नैतिक नेतृत्व पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करेगी। पार्टी ने कहा कि अन्याय के विरुद्ध मौन रहना भी अन्याय का ही एक रूप है।प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार, प्रवक्ता प्रेम नारायण कश्यप, राघव गिहार, रविंद्र, रिंकू दिवाकर, मनोज भारती, अजय, पंकज सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।




