गढाकलां मार्ग पर अचानक अजगर दिखने से हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

गढाकलां मार्ग पर अचानक अजगर दिखने से हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
फैजान खान गोरा
पूरनपुर,पीलीभीत।सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गढाकलां से थाने जाने वाले मार्ग पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक विशालकाय अजगर अचानक दिखाई दिया। अजगर को फन उठाते देख राहगीरों और आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ही मिनटों में मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने दूर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाने शुरू कर दिए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पहले आसपास की भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। टीम ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत कर अजगर को नियंत्रित किया। बताया गया कि अजगर का आकार काफी बड़ा था, जिसकी वजह से उसे पकड़ने में टीम को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। इसके बाद वन विभाग ने उसे सुरक्षित कैद कर अपने वाहन में रखा और वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी की।अजगर को रेस्क्यू किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र जंगल से लगा होने के कारण अक्सर जंगली जीव राह भटककर आबादी की ओर आ जाते हैं, जिससे लोगों में भय बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।वन विभाग अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर या सांप को देखने पर उसे छेड़ने की कोशिश न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें। टीम ने कहा कि वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाएं, क्योंकि वे संरक्षित प्रजातियों में शामिल हैं। विभाग लगातार ऐसे क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चला रहा है, ताकि लोग सतर्क रहें और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




