गन्ने में मानव खोपड़ी मिलने से हड़कंप, लापता युवक से जुड़ सकती है कड़ी
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच शुरू

गन्ने में मानव खोपड़ी मिलने से हड़कंप, लापता युवक से जुड़ सकती है कड़ी
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच शुरू
पूरनपुर/पीलीभीत। गन्ने के खेत में मानव खोपड़ी मिलने से खलबली मच गई। सूचना मिलने के बाद सेहरामऊ पुलिस पहुंच गई। फारेसिंग टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। घटना से क्षेत्र में काफी हड़कंप मचा हुआ है। कुछ दिन पहले गायब युवक से भी मानव खोपड़ी मिलने के तार जोड़े जा रहे हैं। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के नवदिया दुर्जनपुर गांव में मंगलवार को एक गन्ने के खेत से मानव खोपड़ी मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। खेत में काम कर रहे किसानों ने खोपड़ी देखी तो तुरंत ग्राम प्रधान और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत के आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर खोपड़ी को कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच में खोपड़ी की आयु, पहचान और मृत्यु से जुड़े संभावित कारणों का पता लगाया जाएगा। ग्रामीणों की चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि इसी गांव के रघुनंदन पुत्र नरायनलाल दीपावली के दिन से लापता हैं। परिवारजन शुरुआत से ही अनहोनी की आशंका जता रहे थे। खेत में मिली खोपड़ी के बाद ग्रामीणों व परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि यह अवशेष लापता युवक का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि, “गन्ने के खेत में मानव खोपड़ी जैसी हड्डी मिलने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया। खोपड़ी को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों और व्यक्ति की पहचान की पुष्टि हो पाएगी।”पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में भी सघन छानबीन की जा रही है।




