सांसद ने रघुनाथपुर व अमरैय्या कला में जनसुनवाई,ग्रामीणों ने रखीं समस्याएँ

सांसद ने रघुनाथपुर व अमरैय्या कला में जनसुनवाई,ग्रामीणों ने रखीं समस्याएँ
पूरनपुर,पीलीभीत। गुरु तेग बहादुर महाराज जी के 350वें शहीदी दिवस पर मंगलवार को केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद ने पूरनपुर स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे में मत्था टेककर देश के लिए दिए गए बलिदान को नमन किया। मंत्री ने संगत से संवाद करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत हमें सत्य और मानवता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती है।गुरुद्वारा दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री रघुनाथपुर व अमरैय्या कला में आयोजित जनसभाओं में पहुँचे, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर बातचीत की। लोगों ने पेयजल की अनियमितता, जर्जर सड़कों, आवास पात्रता, विद्युत कटौती तथा किसान संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से लंबित कुछ मूलभूत सुविधाओं का समाधान नहीं हो पाया है।मंत्री जितिन प्रसाद ने जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुँचना चाहिए और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह, विधायक बाबूराम पासवान, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री ने कार्यक्रम के अंत में लोगों से सामाजिक एकता, सद्भाव और सेवा की संस्कृति को आगे बढ़ाने की अपील की।




