नगर पालिका परिषद पूरनपुर में मतदाता सूची के संबंध में आवश्यक बैठक आयोजित

नगर पालिका परिषद पूरनपुर में मतदाता सूची के संबंध में आवश्यक बैठक आयोजित
पूरनपुर,पीलीभीत।नगर पालिका परिषद पूरनपुर के सभागार में आज एस.आई.आर. मतदाता सूची के संबंध में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद पूरनपुर के अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने की। बैठक में उपजिलाधिकारी पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सभासदों को नए मतदाता जोड़ने और पुराने अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाने की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची को अद्यतन करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी सभासद अपने-अपने वार्डों में जाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाएं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और इसका सही उपयोग तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो। उन्होंने सभासदों से आग्रह किया कि वे नागरिकों को मतदाता सूची में सुधार के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें।नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि नगर क्षेत्र की मतदाता सूची को सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। बैठक में तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता, ऋषि सक्सेना सहित नगर पालिका परिषद के सभी सभासद उपस्थित रहे।बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि मतदाता सूची अद्यतन अभियान के दौरान नगर पालिका स्तर पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे,जहां नागरिक अपने नाम जोड़ने,संशोधन कराने अथवा हटाने से संबंधित प्रपत्र भर सकेंगे।




