लोकतंत्र मजबूत बनाने की मुहिम—नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक कर जमीनी हकीकत देखी

लोकतंत्र मजबूत बनाने की मुहिम—नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक कर जमीनी हकीकत देखी
पीलीभीत। विधानसभा मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए जा रहे प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फार्म (गणना प्रपत्र) की प्रगति का जायजा लिया।

नायब तहसीलदार ने गांव महादिया, अमरैयाकलां, खाता, तकिया दीनारपुर और रूरिया सलेमपुर के मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की विस्तृत जानकारी दी और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि फार्म में दी गई सभी जानकारियां सटीक और अद्यतन हों।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए ताकि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित तैयार की जा सके। नायब तहसीलदार ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने रंगीन फोटो और सही विवरण बीएलओ को प्रदान करें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी और मजबूत बने।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ मथुरा प्रसाद, दुर्गा देवी, कंचन देवी कुशवाहा, उमाशंकर, राजेश्वरी, राकेश सिंह, उर्मिला देवी तथा सुपरवाइजर राधाकृष्ण कुशवाहा मौके पर उपस्थित रहे।नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने बताया कि विधानसभा मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 4 नवंबर से प्रारंभ होकर 4 दिसंबर तक संचालित रहेगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाने तथा सूची में आवश्यक संशोधन का कार्य पूर्ण करेंगे।उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और पूरनपुर क्षेत्र में मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन रूप में तैयार हो सके।




