धनेगा व बरकलीगंज से उमरा को रवाना हुए जायरीन, ग्रामीणों ने दी विदाई

धनेगा व बरकलीगंज से उमरा को रवाना हुए जायरीन, ग्रामीणों ने दी विदाई
गोरा,पीलीभीत।थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धनेगा और बरकलीगंज से शनिवार को कई जायरीन पवित्र उमरा यात्रा के लिए सऊदी अरब रवाना हुए। रवाना होते समय गांवों में धार्मिक माहौल बना रहा। जायरीन को विदा करने के लिए सैकड़ों ग्रामीण उनके घर पहुंचे और फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।रवाना होने से पहले जायरीन के घरों में मिलाद शरीफ और नातखानी के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के मौलवियों ने यात्रा की अहमियत और उमरा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस बार धनेगा से जकील और बरकलीगंज से असफाक अहमद सहित कई जायरीन सफर- ए- उमरा पर निकले हैं।ग्रामीणों ने जायरीन से खाना-ए-काबा शरीफ पहुंचकर वतन, दोस्तों और रिश्तेदारों की सलामती की दुआ करने की अपील की। विदाई के समय लोगों ने हाथ उठाकर उनकी सुरक्षित यात्रा और कुबूलियत-ए-दुआ की कामना की।जानकारी के अनुसार, हज वर्ष में एक बार होता है जबकि उमरा पूरे साल किसी भी समय किया जा सकता है। हज यात्रा में जहां लगभग 45 दिन का समय लगता है, वहीं उमरा यात्रा सामान्यतः 21 दिन में पूरी हो जाती है। रवाना होते समय पूरे क्षेत्र में खुशी और आस्था का माहौल छाया रहा।




