जिलाधिकारी ने स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता परखी, एसआईआर कार्यों की समीक्षा

जिलाधिकारी ने स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता परखी, एसआईआर कार्यों की समीक्षा
पीलीभीत।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शनिवार को विकासखंड अमरिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भौनी व बारात बोझ का दौरा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय भौनी और राजकीय हाई स्कूल बारात बोझ पहुंचकर बच्चों से सवाल-जवाब के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता परखी। जिलाधिकारी ने शिक्षकों और प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि विद्यालयों में अध्ययन स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा परिसर की साफ-सफाई का नियमित निरीक्षण किया जाए।उन्होंने विद्यालय में फर्नीचर, बच्चों के बैठने की व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भी ली। इसके बाद जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के तहत बी.एल.ओ. द्वारा किए जा रहे घर-घर गणना प्रपत्र वितरण कार्य की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों का वितरण समय से पूरा किया जाए और मतदाताओं को प्रपत्र भरने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ग्राम सचिवालयों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, रजिस्टर रख-रखाव तथा नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार प्राथमिकता पर किया जाए।




