मिशन शक्ति अभियान 5.0 : थाना करेली की साइबर टीम ने महिलाओं को बताया आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों का महत्व

मिशन शक्ति अभियान 5.0 : थाना करेली की साइबर टीम ने महिलाओं को बताया आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों का महत्व
पीलीभीत।पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में जनपद के थाना करेली साइबर/मिशन शक्ति टीम द्वारा रविवार को मिशन शक्ति अभियान – 5.0 के अंतर्गत महिलाओं व बालिकाओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम के दौरान टीम ने उपस्थित महिलाओं व छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं से अवगत कराया गया, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता नंबर 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।साइबर मिशन शक्ति टीम के सदस्यों ने महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत शिकायत 1930 नंबर पर करें या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।टीम ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के मूलभूत तरीकों का प्रदर्शन भी कराया और उन्हें कठिन परिस्थितियों में साहसपूर्वक अपनी सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति टीम ने यह भी कहा कि अब हर महिला को आत्मनिर्भर बनकर अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी।स्थानीय महिलाओं व छात्राओं ने कार्यक्रम की सराहना की और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया कि वे निरंतर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में इस प्रकार के जनहित कार्य कर रहे हैं।




