
दारू पार्टी में दोस्त ने डंडे से पीटकर की युवक की हत्या, पुलिस ने आरोपी दबोचा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव और बाइक बरामद की, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
पूरनपुर,पीलीभीत। दारु पार्टी के दौरान झगड़ा होने के बाद युवक की डंडे से पीटकर निर्मम हत्या कर दी। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन की तो उसका शव खून से लथपथ मिला। कुछ दूरी पर ही मृतक की बाइक भी मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलने के बाद सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की है। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव श्रीनगर निवासी रवि 26 वर्ष सत्यप्रकाश मंगलवार को दोस्त के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था। कबीरगंज के राजीवनगर में वह दोस्त के साथ दारु पार्टी कर रहा था। तभी दोनो में कहासुनी होने लगी। आवेश में आकर युवक ने रवि के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। देर शाम युवक के बापस न लौटने पर परिवार के लोगो ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नही लग सका। रात में ही लोग हजारा थाने पहुंचे। पुलिस ने मृतक का नंबर सर्विलांस पर लगाकर पड़ताल की। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर खून से युवक का खून से लथपथ शव मिलने से खलबली मच गई। कुछ दूरी पर बाइक भी बरामद हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है




