अलग-अलग सड़क हादसों में चार घायल, जिला अस्पताल रेफर

अलग-अलग सड़क हादसों में चार घायल, जिला अस्पताल रेफर
पूरनपुर,पीलीभीत।कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर अलग- अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पहला हादसा बंडा चौराहा के पास हुआ, जहां लहा निवासी छोटे लाल बाइक से पूरनपुर आ रहे थे। अचानक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरा हादसा रोहतापुर निवासी सोनू के साथ हुआ, जो किसी कार्य से अपने गांव जा रहे थे। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गए।तीसरा हादसा शाहगढ़ निवासी कविता के साथ हुआ, जबकि चौथा हादसा नारायणपुर निवासी बलविंदर सिंह के साथ हुआ। उनकी बाइक को पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई और प्रशासन से सड़कों पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।




