भाजपा नेता ने शारदा नदी पर नाव संचालन बहाल करने की मांग उठाई
दीवाली पर जनता की परेशानी बढ़ी, प्रशासन से तत्काल समाधान की अपील

भाजपा नेता ने शारदा नदी पर नाव संचालन बहाल करने की मांग उठाई
दीवाली पर जनता की परेशानी बढ़ी, प्रशासन से तत्काल समाधान की अपील
पूरनपुर,पीलीभीत। ट्रांस शारदा क्षेत्र की जनता की आवाज एक बार फिर उठी है।भाजपा नेता मनजीत सिंह, जो पूर्व उपाध्यक्ष सिंचाई बंधु उ.प्र. एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं, तथा जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-1 की रूपेन्द्र कौर ने जिलाधिकारी पीलीभीत को पत्र लिखकर नाव संचालन बंद होने से उत्पन्न जनता की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है।पत्र में बताया गया है कि पिछले चार महीनों से शारदा नदी के घाट से सीधा आवागमन बंद है, जिसके चलते ट्रांस शारदा क्षेत्र के लोगों को पूरनपुर पहुँचने के लिए करीब 140 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। यह स्थिति खासतौर पर ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों के लिए भारी परेशानी का सबब बनी हुई है।भाजपा नेता मनजीत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देश थे कि 15 अक्टूबर तक धनाघाट पर पैदल पुल निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए, लेकिन अब तक उस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। इसके साथ ही, जनता के लिए एकमात्र सुविधा नदी पार करने के लिए चल रही नाव को भी प्रशासन ने रोक दिया है।उन्होंने पत्र में लिखा कि दीवाली और भैयादूज जैसे पर्वों के समय नाव बंद करना जनता के साथ अन्याय है। नाव का संचालन प्रशासन की देखरेख में टेंडर प्रक्रिया से होना था, परंतु अभी तक वह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर नाव संचालन दोबारा शुरू कराने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और त्योहारों के दौरान आवागमन की सुविधा बहाल हो।उन्होंने कहा कि जब तक पुल का निर्माण कार्य आरंभ नहीं होता, तब तक नाव संचालन ही ट्रांस शारदा क्षेत्र की जीवनरेखा है।पत्र की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी पूरनपुर को भी भेजी गई है ताकि स्थानीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
जनता चार महीने से नदी पार करने के लिए भटक रही है। प्रशासन को चाहिए कि पुल निर्माण का कार्य तेज करे और नाव संचालन तुरंत बहाल करे।
मंजीत सिंह,भाजपा नेता




