यूपी

तेंदुए का आतंक: घर में घुसकर बकरी को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

तेंदुए का आतंक: घर में घुसकर बकरी को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

पूरनपुर,पीलीभीत।ट्रांस शारदा क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की रात ग्राम भरतपुर में एक तेंदुआ घर में घुस आया और बंधी हुई बकरी पर हमला कर उसे मार डाला। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही से लगातार ऐसी घटनाएँ घट रही हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।भरतपुर निवासी पूर्व प्रधान अमरुल्लाह ने बताया कि रात में अचानक घर के अंदर बंधी बकरी की चीख सुनाई दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुआ बकरी को बुरी तरह जख्मी कर चुका था। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को भगाया, लेकिन तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि बकरी की रस्सी मजबूत थी, जिससे तेंदुआ उसे खींचकर ले जाने में असफल रहा।इसी तरह, ग्राम शास्त्री नगर निवासी सुभाष चंद्र के घर के दरवाजे पर भी शनिवार रात तेंदुआ पहुंच गया और दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगा। घर के भीतर सो रहे परिजन किसी तरह जाग गए और शोर मचाकर तेंदुए को भगाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों में भरतपुर, शास्त्री नगर और आसपास के गांवों में तेंदुए की गतिविधियाँ बढ़ी हैं। कई बार ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, तभी तक क्षेत्र में सुरक्षा के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। लगातार बढ़ते इस आतंक से ग्रामीण रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में पिंजरा लगवाकर तेंदुए को पकड़ा जाए, ताकि लोगों और उनके पालतू पशुओं की जान सुरक्षित रह सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!