भूमिधरी अधिकार न मिलने से किसान परेशान, भाजपा नेता मंजीत सिंह ने सीएम के सामने उठाया मुद्दा”

भूमिधरी अधिकार न मिलने से किसान परेशान, भाजपा नेता मंजीत सिंह ने सीएम के सामने उठाया मुद्दा”
सीएम को बताया विस्थापित परिवारों का दर्द, भूमिधरी का अधिकार न मिलने से किसान परेशान
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मंजीत सिंह ने पूर्व में लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से मुलाकात कर शिकायत की थी कि पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बिजनौर सहित कई जिलों में बसे विस्थापित सिख परिवारों और पूरनपुर तहसील के ट्रांस शारदा क्षेत्र के ग्रामों में पूर्वांचल के परिवारों को उनकी जमीनों का भूमिधरी का अधिकार अभी तक नहीं मिला है। शिकायत में बताया गया कि तहसील के कर्मचारी भूमिधरी का अधिकार न मिलने के कारण किसानों को परेशान करते रहते हैं। कई किसानों की गन्ने की सट्टे तक बंद कर दी गई थीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद जिलाधिकारी पीलीभीत ने 14 अक्टूबर 2025 को जांच कराई और अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के विशेष सचिव को भेजी। रिपोर्ट में बताया गया कि पूरनपुर तहसील के विजयनगर, गौतम नगर, राणाप्रताप नगर, श्रीनगर, भरतपुर, रामनगर, चंदनगर, अयोध्यानगर, सिद्धनगर, बैलहा, बमनपुर, भागीरथ, टाटरगंज, चंदिया, हजारा, शास्त्रीनगर, कबीरगंज, नरोसा, शांतिनगर, अशोक नगर आदि ग्रामों में सिख व पूर्वांचल के किसान परिवार बसे हैं। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि इन परिवारों पर किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या बेदखली की कार्यवाही नहीं की जा रही है और वर्तमान में कोई भी कार्रवाई प्रचलित नहीं है। मंजीत सिंह ने कहा कि पहले तहसील के कर्मचारी इस क्षेत्र में भूमिधरी का अधिकार न मिलने के कारण किसानों को परेशान कर रहे थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर किसानों की जमीनों पर मालिकाना हक जल्द से जल्द दिलाने की मांग की जाएगी।




