मिट्टी माफियाओं पर गिरी गाज, तहसील प्रशासन ने कसी नकेल
सेहरामऊ क्षेत्र में तहसीलदार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, खनन विभाग को सौंपी रिपोर्ट

सेहरामऊ क्षेत्र में तहसीलदार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, खनन विभाग को सौंपी रिपोर्ट
पूरनपुर, पीलीभीत।
प्रशासन भले ही अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने के कितने भी दावे कर ले, लेकिन खनन माफियाओं पर अंकुश लगा पाना प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर बना हुआ है। या यूं कहे कि प्रशासन की मिलीभगत के चलते ही अवैध मिट्टी खनन का खेल नियमित रूप से चल रहा है। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन एक बार फिर सुर्खियों में है। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथ पकड़ लिया। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव धनेगा में बिना अनुमति मिट्टी खनन की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार पूरनपुर ने मौके पर छापेमारी की।जानकारी के अनुसार, तहसीलदार थाना समाधान दिवस में जा रहे थे, तभी ग्रामीणों ने रास्ते में अवैध खनन की शिकायत की। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी से भरी ट्रॉली जब्त की। जब चालक से खनन संबंधी अनुमति पत्र मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।प्रशासन ने ट्रॉली को थाने भेजकर वाहन को सीज कर रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी है। जानकारी के अनुसार पकड़ा गया ट्रेक्टर -ट्रॉली थाना क्षेत्र के रसूलापुर गांव निवासी भारत सिंह का बताया जा रहा है। क्षेत्र में चर्चा है कि गांव के बाहरी इलाके में लंबे समय से कुछ लोग बिना अनुमति के मिट्टी खनन कर रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई कर दी।तहसील प्रशासन ने कहा कि अवैध खनन पर सख्त रोक लगाने के निर्देश जारी हैं, ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहनी चाहिए ताकि अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल बने।
————————————————————–
अवैध मिट्टी खनन में पकड़ी गई ट्रेक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया है। मामले की रिपोर्ट खनन विभाग को भेजी गई है।
संजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक
सेहरामऊ उत्तरी
————————————————————————
अवैध मिट्टी खनन में तहसीलदार द्वारा छापेमारी के दौरान पकड़े गए ट्रेक्टर-ट्रॉली के बारे में तहसीलदार से जानकारी करने के लिए उनके नंबर पर दो बार सम्पर्क किया गया। लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसलिए जानकारी नहीं ली जा सकी।
आशीष गुप्ता, तहसीलदार पूरनपुर।
———————————————————————-




