ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आई बाइक, महिला की मौत — पति और बेटी घायल
रिश्तेदारी में जाने पर हुआ दर्दनाक हादसा, चपेट में आने से अन्य बाइक सवार घायल

ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आई बाइक, महिला की मौत — पति और बेटी घायल
रिश्तेदारी में जाने पर हुआ दर्दनाक हादसा, चपेट में आने से अन्य बाइक सवार घायल
पीलीभीत। अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आने से रिश्तेदारी में जा रही बाइक सवार महिला की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति और बेटी भी घायल हो गई। चपेट में आने से पीछे से आ रहे अन्य बाइक सवार रिश्तेदार भी जख्मी हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना से कोहराम मचा हुआ है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मापुर खुर्द की रहने वाली मनीषा 30 वर्ष गुरुवार अपने पति अजय और 6 साल की बेटी प्रतिज्ञा के साथ शेरावत थाना क्षेत्र के गांव नजीरगंज में रह रही बहन के घर जा रही थी। उनके साथ परिवार के ही अखिलेश उनकी पत्नी मंजू, रंजीत उनकी पत्नी गीता के पीछे बाइक से आ रहे थे। जैसे ही सभी बाइक सवार सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव मनहरिया के पास पहुंचे। तभी ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति और बेटी भी घायल हो गए। पीछे से आ रहे दो बाइकों पर सवार रिश्तेदार भी जख्मी हो गए। हादसे को लेकर खलबली मच गई। दुर्घटना को लेकर काफी संख्या में लोग पहुंच गए। सभी को एंबुलेंस से उपचार के लिए पूरनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जानकारी लगने के बाद परिवार के लोग भी पहुंच गए। अचानक हुए हादसे से सभी का रोकर बुरा हाल है। पूरनपुर कोतवाल पवन पांडेय ने बताया मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए सेहरामऊ पुलिस ने भेजा है। घटनास्थल वही का है।
——————–
प्रधान की मौत में पुलिस को तहरीर का इंतजार
पूरनपुर। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव गुलरिया भूप सिंह निवासी प्रधान रामकुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं घुंघचाई निवासी दूसरा बाइक सवार अमरजीत घायल हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान सहित राजनीतिक लोग पहुंचे। तहरीर न मिलने पर अभी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। कोतवाल पवन पांडेय ने बताया अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।




