प्रतियोगिता से वन्यजीव संरक्षण के प्रति बच्चों को किया जागरूक
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कीर्ति प्रथम, अंजली द्वितीय व विशाल तृतीय रहे

प्रतियोगिता से वन्यजीव संरक्षण के प्रति बच्चों को किया जागरूक
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कीर्ति प्रथम, अंजली द्वितीय व विशाल तृतीय रहे
पूरनपुर/पीलीभीत। वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर पूरनपुर सामाजिक वानिकी रेंज के अन्तर्गत खमरिया पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को वन्यजीवों की महत्ता एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय में वन्यजीवों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कक्षा 5 की छात्रा कीर्ति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं कक्षा 5 की ही अंजली वर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं तथा कक्षा 4 के विशाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजयी छात्रों को पुरस्कार स्वरूप प्रोत्साहन सामग्री दी गई।कार्यक्रम को और भी रोचक बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों को पक्षियों के घोंसले भी भेंट किए गए, ताकि वे पर्यावरण संतुलन व पक्षी संरक्षण की ओर आगे बढ़ें। अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि छोटे-छोटे प्रयास से हम पक्षियों व वन्य जीवों के जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य शिवांगी, अध्यापिका पूनम सिंह एवं अंजली वर्मा मौजूद रहीं। कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी कपिल कुमार ने बच्चों को वन्यजीवों के संरक्षण पर प्रेरक संदेश दिया। साथ ही वन रक्षक सुरजीत कुमार और निपेंद्र कुमार ने भी बच्चों को पर्यावरण और वन्य प्राणी संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।पूरे कार्यक्रम में बच्चों ने गहरी रुचि दिखाई और वन्यजीव संरक्षण को लेकर शपथ भी ली।




