हाईवे पर बस-कार भिड़ंत, लखनऊ के युवक की मौत, चार गंभीर

हाईवे पर बस-कार भिड़ंत, लखनऊ के युवक की मौत, चार गंभीर
पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के लगभग 4:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरसिंगपुर के पास मोड़ पर तेज रफ्तार बस ने स्विफ्ट डिज़ायर कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार चला रहे अभिषेक यादव पुत्र कल्लू यादव निवासी कटनगरा, थाना काकोरी (लखनऊ) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार है सागर यादव निवासी नईमावाद, बिजनौर, शिव यादव निवासी रहीमाबाद, बिजनौर,,सचिन निवासी रहीमाबाद, बिजनौर, अजेस सिंह यादव निवासी गोसाईगंज, लखनऊ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पूरनपुर भिजवाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।जानकारी के अनुसार सभी लोग कार से पूर्णागिरि दर्शन के लिए निकले थे। लेकिन हरसिंगपुर मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस ने बस और कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




