दर्जनों गांवों के मरीजों का सहारा बना शेरपुर कला का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
शेरपुर कला: रात-दिन उपलब्ध डिलीवरी सुविधा, ग्रामीणों ने की जमकर प्रशंसा

दर्जनों गांवों के मरीजों का सहारा बना शेरपुर कला का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
शेरपुर कला: रात-दिन उपलब्ध डिलीवरी सुविधा, ग्रामीणों ने की जमकर प्रशंसा
ग्रामीणों ने की मांग– शेरपुर कला स्वास्थ्य केंद्र को और सुविधाओं से लैस करे सरकार
मीनू बरकाती
पूरनपुर,पीलीभीत।ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी अक्सर लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है,लेकिन शेरपुर कला का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों आसपास के दर्जनों गांवों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।यहां कार्यरत मेडिकल ऑफिसर डॉ.आसिफ खान और उनकी स्वास्थ्य टीम दिन-रात मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराकर एक मिसाल कायम कर रहे हैं।शेरपुर कला की बड़ी आबादी के साथ-साथ ग्राम टंडोला,लाहा, गजरौला,खैरपुर,पजावा,रुद्रपुर, रामनगर,जहूरगंज सहित कई गांवों के लोग रोजाना सैकड़ों की संख्या में स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच रहे हैं। यहां उन्हें बुखार, त्वचा रोग, खून की जांच और अन्य सामान्य बीमारियों का उपचार मिल रहा है।डॉ. आसिफ खान ने बताया कि इन दिनों मौसमी बुखार और त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।इसके साथ ही टाइफाइड, मलेरिया और ब्लड शुगर जैसी जांचें भी लगातार की जा रही हैं।इस केंद्र पर न सिर्फ सामान्य उपचार बल्कि 24 घंटे प्रसव (डिलीवरी) की सुविधा भी उपलब्ध है। एएनएम गुलनाज बी और नाजिया दिन-रात तत्पर रहकर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।शेरपुर कला वार्ड नंबर 1 के पंचायत सदस्य सैफ रजा मोंटू ने बताया कि हाल ही में उनके वार्ड की एक महिला को आधी रात डिलीवरी पीड़ा हुई। रात 12 बजे ही डॉक्टर और एएनएम को सूचना दी गई, जिसके बाद स्टाफ ने तुरंत पहुंचकर सुरक्षित प्रसव कराया। जन्मे शिशु को भी डॉ. आसिफ खान ने बेहतर उपचार दिया। ग्रामीणों के अनुसार, यह सेवा देखकर सभी लोग अस्पताल स्टाफ की लगन और जिम्मेदारी की तारीफ करते नहीं थक रहे।स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. आसिफ खान के साथ रईस अहमद (एलए), मुकेश (वार्ड बॉय), कमल, अमर सहित एएनएम नाजिया और गुलनाज लगातार सेवाएं दे रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि टीम की मेहनत और समर्पण की वजह से अब उन्हें मामूली बीमारियों और प्रसव के लिए शहरों की ओर भागना नहीं पड़ता।स्थानीय लोगों ने कहा कि शेरपुर कला पीएचसी को और सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि यहां के मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। ग्रामीणों ने डॉ. आसिफ खान और उनकी टीम को गांव का असली हीरो बताते हुए आभार व्यक्त किया।




