पूर्वोत्तर रेलवे ने चलाया स्वच्छता अभियान, जीआरपी व नेकी की दीवार ने की सफाई

पूर्वोत्तर रेलवे ने चलाया स्वच्छता अभियान, जीआरपी व नेकी की दीवार ने की सफाई
पीलीभीत। स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाते हुए पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मंगलवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।इस अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ जीआरपी पुलिस और समाजसेवी संस्था नेकी की दीवार के सदस्य भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे ट्रैक और उसके आसपास फैले कूड़े–कचरे को एकत्र कर साफ किया गया। श्रमदान करने वाले सभी प्रतिभागियों ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे स्टेशन पर स्वच्छता बनाए रखें तथा प्लास्टिक का प्रयोग कम से कम करें।अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित स्टेशन न केवल यात्रियों को सुखद अनुभव प्रदान करता है बल्कि यह देश की छवि को भी मजबूत बनाता है।अभियान के दौरान बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा स्वच्छता कार्य में लगाना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।इस अवसर पर नेकी की दीवार संस्था से गुरमेल सिंह, अदनान, कपिल कक्कड़, अमनदीप सिंह खालसा और रिकी गुप्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे। वहीं रेलवे एवं सुरक्षा विभाग से डॉ. अर्पित गुप्ता (सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी), स्टेशन प्रबंधक देवेंद्र सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक पुष्पराज सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल सिंह, एसओ/जीआरपी सचिन पटेल, एसआई/आरपीएफ जितेंद्र कुमार सहित सभी विभागीय कर्मचारी शामिल हुए।स्टेशन प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे प्रयासों से स्टेशन का वातावरण स्वच्छ और यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाया जा सकता है। अभियान के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि स्टेशन पर किसी भी प्रकार की गंदगी फैलने नहीं दी जाएगी




