शेरपुर कला और धनाराघाट मार्ग गुरूनानक खाद भंडार पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 220 मरीजों ने कराई जांच
भाकियू (भानु) ने संभाली जिम्मेदारी,सीएमओ भी पंहुचे

शेरपुर कला और धनाराघाट मार्ग गुरूनानक खाद भंडार पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 220 मरीजों ने कराई जांच
भाकियू (भानु) ने संभाली जिम्मेदारी,सीएमओ भी पंहुचे
पूरनपुर,पीलीभीत।ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी पीलीभीत की ओर से रविवार को शेरपुर कला और धनाराघाट मार्ग पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।इस पूरे कार्यक्रम की देखरेख भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारियों ने की।दोपहर दो बजे शुरू हुए शिविर में डॉ. आसिफ, डॉ. छत्रपाल सहित चिकित्सा टीम मौजूद रही। टीम ने मरीजों की जांच की और उन्हें मुफ्त दवाइयाँ वितरित कीं। शिविर में कुल 220 मरीज पहुँचे। इनमें से 11 मोतियाबिंद रोगियों का आगे विशेष उपचार के लिए पंजीकरण किया गया और 23 मरीजों को मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराने की तैयारी की गई। शिविर में महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, ऐसे आयोजनों से उन्हें बहुत राहत मिलती है। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार भी शिविर स्थल पर पहुँचे और चिकित्सकों की टीम का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का प्रयास जारी रहेगा। भाकियू भानु के मंडल अध्यक्ष लाल मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफल रहा। मीडिया प्रभारी सबलू खाँ और मीनू बरकाती समेत संगठन के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।यूनियन नेताओं ने कहा कि किसान हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।डॉ आसिफ खान, डॉक्टर छत्रपाल,कृष्ण कुमार, शाहीन अंसारी,पवन कुमार, रामकुमार आर बी सिंह आदि डॉक्टर की टीम मौजूद रही।




