ग्राम चौपाल में स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

ग्राम चौपाल में स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
पीलीभीत। जिले के ललौरीखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत जिरौनिया में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल ग्रामीणों के लिए जानकारी और जागरूकता का बड़ा मंच साबित हुई। चौपाल में स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। चौपाल में बीडीओ और सचिव ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि साफ-सफाई केवल गांव की सुंदरता नहीं बढ़ाती बल्कि बीमारियों से भी बचाती है। सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज की स्थापना संभव है। चौपाल में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सामूहिक विवाह योजना और विधवा पेंशन से जुड़ी सूचियां भी पढ़कर सुनाई गईं। ग्रामीणों ने बड़ी दिलचस्पी से योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बीडीओ ने ग्राम पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय का बीडीओ ने मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई और रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनका समाधान करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। ग्रामीणों ने कहा कि चौपाल के जरिए उन्हें कई योजनाओं के बारे में सही और प्रत्यक्ष जानकारी मिली, जिससे वे लाभ उठा पाएंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान अनीता देवी, सचिव तृप्ति मणि त्रिपाठी, ग्राम पंचायत सदस्य, रोजगार सेवक और पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गांव के विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं के लाभ को हर पात्र परिवार तक पहुंचाने का संकल्प लिया। चौपाल ने साबित किया कि यदि प्रशासन और ग्रामीण साथ आएं, तो स्वच्छ और विकसित गांव की राह आसान हो सकती है।




