पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद को नेकी की दीवार’ अभियान राममूर्ति अस्पताल ने बढ़ाए मदद के हाथ

पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद को नेकी की दीवार’ अभियान राममूर्ति अस्पताल ने बढ़ाए मदद के हाथ
पूरनपुर,पीलीभीत।मानवता की मिसाल पेश करते हुए “नेकी की दीवार संस्था एवं अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से जरूरतमंदों को दवाएं उपलब्ध कराने का अभियान लगातार जारी है।संस्था ने न केवल जनपद के भीतर बल्कि प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में भी सहायता पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। इसी क्रम में पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए संस्था द्वारा दवाओं की खेप भेजी जा रही है।राममूर्ति अस्पताल के डायरेक्टर आदित्य राममूर्ति ने इस मुहिम में सहयोग करते हुए संस्था को 50,000 रुपये मूल्य की दवाएं प्रदान कीं। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इन दवाओं को संस्था के सदस्य स्वयं पंजाब पहुंचाकर वहां कैंपों के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाएंगे। अब तक संस्था द्वारा बड़ी मात्रा में दवाएं पंजाब भेजी जा चुकी हैं,जिन्हें बाढ़ राहत शिविरों में जरूरतमंदों को वितरित किया जा रहा है।संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है और हर सक्षम व्यक्ति को पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस अभियान में कई स्थानीय समाजसेवक और व्यापारी भी सहयोग कर रहे हैं।इस अवसर पर संस्था से जुड़े रामनरेश शर्मा, गुरमेल सिंह, अदनान, रिकी गुप्ता, अमनदीप सिंह, कपिल कक्कड़, अमित सिंह, सिमरन सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।इस सराहनीय पहल से पीलीभीत के लोगों ने एक बार फिर साबित किया है कि सामाजिक एकजुटता और नेकी की भावना से किसी भी आपदा का सामना किया जा सकता है।




