बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त दिशा-निर्देश
पीलीभीत।जनपद मे प्रभारी मंत्री एवं कृषि,कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग,उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की अध्यक्षता में बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बाढ़ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में मंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्यों का विवरण लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि बाढ़ के चलते तीन गौशालाओं में पानी भर गया था,जिनसे गौवंशों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण हेतु पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।मुख्य चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर लोगों की जांच व दवा वितरण किया जा रहा है।पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित गांवों में सफाई, फॉगिंग,एंटी-लार्वा और चूना छिड़काव का कार्य लगातार कराया जा रहा है।उप कृषि निदेशक को मंत्री ने निर्देशित किया कि फसल क्षति का शीघ्र आंकलन कर किसानों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, लो.नि.वि. के अधिशासी अभियंता को बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की त्वरित मरम्मत करने के आदेश दिए।मंत्री औलख ने कहा कि स्थानीय स्तर पर अधिकारी सक्रिय रहकर प्रभावित जनता की हर संभव मदद करें। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष भी व्यक्त किया।बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, विधायक विवेक वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




