सोते समय विवाहिता पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश
पति समेत तीन पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास का मुकदमा

सोते समय विवाहिता पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश
पति समेत तीन पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास का मुकदमा
पूरनपुर,पीलीभीत।दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।आरोप है कि मायके से दहेज न लाने पर पति और ससुराल पक्ष ने पहले तो महिला को घर से निकाल दिया और बाद में सुलह-सफाई के बहाने वापस बुलाकर उसे जान से मारने की कोशिश की।घटना बीती रात की है,जब विवाहिता अपनी पुत्री के साथ चारपाई पर सो रही थी। तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया।पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, नगर मोहल्ला निवासी पीड़िता की शादी वर्ष 2020 में क्षेत्र के ही निवासी युवक से हुई थी। विवाह के बाद से ही लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता रहा।आरोप है कि कुछ महीने पहले महिला को दहेज न लाने पर घर से निकाल दिया गया था। बाद में पति ने समझौते के बहाने उसे वापस बुलाया, लेकिन अत्याचार और बढ़ गए।पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पति व ससुरालजन अक्सर उससे दहेज में दो लाख रुपये की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी जाती रही। 7 जुलाई 2025 को भी पति उसे घर लाने आया और रास्ते में तलाक देने की धमकी दी थी।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।




