
आप नेताओं ने ग्रामीणों संग सुनी समस्याएँ, शारदा पर पक्का बांध बनाने की उठी मांग
पूरनपुर,पीलीभीत।आम आदमी पार्टी पीलीभीत जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा और पूरनपुर से पूर्व प्रत्याशी व आप पंचायत प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती सहित अन्य कार्यकर्ता पूरनपुर के बाढ़ग्रस्त इलाकों हजारा और राहुलनगर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी। ग्रामीणों ने आप नेताओं के सामने शारदा नदी पर पक्का बांध, स्कूल और सड़क निर्माण की मांग रखी। आप जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि सरकार और विभाग हर साल करोड़ों रुपये का बजट बाढ़ नियंत्रण के नाम पर खर्च करते हैं, लेकिन नतीजा शून्य रहता है। हर बार कच्चे बांध बनाकर खानापूर्ति की जाती है जो बाढ़ आते ही बह जाते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में जहां रेगिस्तानी जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं हमारे यहां उपजाऊ भूमि को बचाने में सरकार नाकाम साबित हो रही है। मिश्रा ने कहा कि शारदा नदी पर पक्का बांध निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह लगातार पीलीभीत की बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।वहीं पूर्व प्रत्याशी व पंचायत प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती ने कहा कि विदेशों में शहरों से निकलने वाली नदियों को पक्का कर वहां नुकसान से बचाव के साथ-साथ टूरिज्म के अवसर बढ़ाए गए हैं। पूरनपुर में भी शारदा नदी के किनारे ऐसा हो सकता है, जिससे न केवल बाढ़ से बचाव होगा बल्कि रोजगार और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। लेकिन अफसोस, सरकार हर वर्ष सिर्फ मिट्टी के कट्टे बांध पर डालती है, जो बाढ़ के तेज बहाव में बह जाते हैं।इस दौरान अशोक कुमार, बबलू गौतम, आक्रोश, मनोज, रवींद्र समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।




